Sunday, July 5, 2026
Home देश भनसार शुल्क के बीच नेपाल पर्यटन का बढ़ा आकर्षण, सैलानियों ने उठाया...

भनसार शुल्क के बीच नेपाल पर्यटन का बढ़ा आकर्षण, सैलानियों ने उठाया मौज-मस्ती का आनंद

60

काठमांडू, पोखरा और जनकपुर की खूबसूरती ने पर्यटकों को किया रोमांचित

रक्सौल: डॉ. सजल कुमार
सीमा क्षेत्र में भनसार शुल्क और औपचारिकताओं के बावजूद इन दिनों नेपाल घूमने जाने वाले भारतीय सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए लोग ठंडी वादियों, पहाड़ों और धार्मिक स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। नेपाल की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक माहौल और मनोरम पर्यटन स्थलों ने यात्रियों को खासा आकर्षित किया है।

काठमांडू, पोखरा, जनकपुर और मक्तिधाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा कर लौटे सैलानियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नेपाल की यात्रा रोमांच और आध्यात्मिकता का अनोखा संगम है।

सैलानी अवध किशोर ने बताया कि पोखरा और काठमांडू की पहाड़ियों के बीच बादलों को बेहद करीब से देखने का अनुभव अविस्मरणीय रहा। उन्होंने कहा कि बारिश के बीच पहाड़ों की खूबसूरती और ठंडी हवाओं ने यात्रा को और यादगार बना दिया।

महिलाओं और बच्चों ने भी लिया भरपूर आनंद

महिला पर्यटक ममता झा ने कहा कि नेपाल यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों के साथ-साथ रास्ते भर गाना-बजाना, अंताक्षरी और समूह में यात्रा करने का अलग ही आनंद रहा। उन्होंने बताया कि बच्चों ने भी यात्रा के दौरान खूब मस्ती की और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा।

उन्होंने कहा कि पशुपतिनाथ मंदिर, जनकपुर सीता मंदिर और पोखरा की दिव्यता और प्राकृतिक सुंदरता ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। खासकर महिलाओं को जनकपुर स्थित माता सीता के पवित्र स्थल पर पहुंचकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ।

नेपाल पर्यटन में बढ़ रही लोगों की रुचि

नेपाल में पर्यटन स्थलों पर स्थानीय गाइडों की अच्छी व्यवस्था होने से यात्रियों को भ्रमण में काफी सुविधा मिल रही है। वहीं बारिश और बादलों के बीच पहाड़ी वादियों का नजारा पर्यटकों के रोमांच को और बढ़ा रहा है।

सीमा क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग नेपाल घूमने जाते हैं, लेकिन इस बार धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन के प्रति लोगों का उत्साह ज्यादा देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here