Thursday, August 13, 2026
Home बिहार पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी, 3...

पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी, 3 स्तरीय सुरक्षा में होगा आयोजन; 13 विभागों की झांकियां दिखाएंगी रंग

14

पटना। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर दर्शकों की सुविधा तक सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने गांधी मैदान में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान तैयारियों की समीक्षा की।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले अंतिम निरीक्षण और पूर्वाभ्यास भी पूरा कर लिया गया है, ताकि 15 अगस्त को सभी कार्यक्रम तय समय के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हों।

बारिश को देखते हुए दर्शकों के लिए विशेष इंतजाम

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि मानसून को ध्यान में रखते हुए समारोह स्थल पर विशेष व्यवस्था की गई है। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

करीब 80 हजार वर्गफीट क्षेत्र में दर्शक दीर्घा के ऊपर शेड लगाया गया है। इससे बारिश होने की स्थिति में भी लोगों को परेशानी नहीं होगी। गांधी मैदान में प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रकाश मीनारों, LED मेटल लाइट और हाईमास्ट लाइट का इस्तेमाल किया गया है।

62 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात

एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिए गांधी मैदान को चार सेक्टर और विभिन्न सब-सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है।

गांधी मैदान और कारगिल स्मृति चौक सहित 62 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। सभी अधिकारियों और जवानों को सुबह 6 बजे तक अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था के तहत गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों पर CCTV कैमरों से नजर रखी जाएगी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए कैमरों के अलावा ड्रोन से भी निगरानी होगी। पुलिस कार्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरे कार्यक्रम की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में काम करेगा।

13 विभागों की झांकियां और 20 परेड टुकड़ियां

इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में 13 विभागों की झांकियां शामिल होंगी। वहीं, 20 परेड टुकड़ियां भी समारोह का हिस्सा बनेंगी। फाइनल रिहर्सल के दौरान परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

अलग-अलग गेट से मिलेगा प्रवेश

समारोह में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। विशिष्ट और अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए गेट नंबर 10, जबकि प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए गेट नंबर 9 निर्धारित है। महिलाओं को गेट नंबर 12 और 13, विद्यार्थियों को गेट नंबर 2, 3 और 4 से प्रवेश मिलेगा। आम लोगों के लिए गेट नंबर 6 और 7 निर्धारित किए गए हैं।

प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है, ताकि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह सुरक्षा, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here