पटना/बांका: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बांका में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता से जुड़े पटना, वैशाली और बांका के चार ठिकानों पर SVU की टीमों ने एक साथ तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पटना स्थित आवास से नकदी, गहने और महंगी घड़ियां मिलने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि पटना स्थित आवास से 500 रुपये के नोटों की 17 गड्डियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा कुछ आभूषण और महंगी घड़ियां भी जांच टीम के हाथ लगी हैं। बरामद नकदी की गिनती के लिए टीम को नोट गिनने वाली मशीन का सहारा लेना पड़ा। हालांकि, तलाशी और जांच पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी, गहनों और अन्य संपत्तियों का आधिकारिक मूल्य सामने आएगा।
अधिकारी को पूछताछ के लिए ले गई टीम
SVU की टीम ने हरेंद्र कुमार को उनके पटना स्थित आवास से अपने साथ लिया और पूछताछ के लिए बांका स्थित उनके कार्यालय पहुंची। यहां विभागीय दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच की जा रही है।
SVU की कार्रवाई पटना के महावीर नगर स्थित नंदिनी अपार्टमेंट के फ्लैट, बेऊर इलाके में स्थित मकान, वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा गांव स्थित परिसर और बांका के लघु जल संसाधन विभाग कार्यालय में की गई।
संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच
जांच एजेंसी की टीमें जमीन-मकान से जुड़े कागजात, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। विभागीय दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हरेंद्र कुमार की करीब एक महीने पहले ही बांका में कार्यपालक अभियंता के पद पर पोस्टिंग हुई थी। इससे पहले वह गयाजी में तैनात थे। इसी दौरान उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी शिकायत सामने आने के बाद SVU ने जांच शुरू की।
फिलहाल मामले में जांच जारी है। तलाशी से मिले दस्तावेजों और संपत्तियों का आकलन करने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अधिकारी के पास उनकी ज्ञात आय से कितनी अधिक संपत्ति है। SVU आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर करेगी।







