बेतिया: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मंझरिया गांव के ग्रामीणों ने एक पिकअप वैन को रोककर उसमें भरे मवेशियों को देखकर दंग रह गए। छोटी सी पिकअप गाड़ी में करीब 14 मवेशियों को बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, जिससे कई जानवरों की हालत बेहद खराब हो गई थी।
ग्रामीणों ने तत्काल वाहन को अपने कब्जे में लेकर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया और उसमें मौजूद सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मवेशियों को अवैध तरीके से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में समय-समय पर सामने आती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से मवेशी तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही वाहन चालक एवं तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।







