Wednesday, July 15, 2026
Home बिहार पटना में नशा तस्करी पर बड़ा वार, “गुरुजी” गिरफ्तार

पटना में नशा तस्करी पर बड़ा वार, “गुरुजी” गिरफ्तार

122

बिक्रम के बाघाकोल गांव से 17 किलो गांजा, नकदी और तस्करी का सामान बरामद

पटना:
बिहार में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने बिक्रम क्षेत्र के बाघाकोल गांव से एक कुख्यात गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसे इलाके में “गुरुजी” के नाम से जाना जाता है।

पुलिस की इस ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई कार्रवाई के कारण आरोपी को भागने का मौका तक नहीं मिला और पुलिस ने उसे मौके से ही दबोच लिया।

डीएसपी की सूचना पर बनी थी विशेष टीम

सूत्रों के अनुसार, पंकज कुमार को लंबे समय से इलाके में गांजा तस्करी की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया।

इस टीम में बिक्रम थानाध्यक्ष प्रभात कुमार, अपर थानाध्यक्ष वरुण कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार और महिला दरोगा गुड़िया कुमारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल शामिल था।

17 किलो गांजा और नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 17 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, गांजा छोटे-छोटे पैकेटों में बिक्री के लिए तैयार रखा गया था।

इसके अलावा 18,590 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली पॉलीथिन भी जब्त की गई है। पुलिस का मानना है कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से नशे की तस्करी में शामिल था।

परिवार आधारित नेटवर्क की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। इतना ही नहीं, उसकी पत्नी भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। इससे पुलिस को शक है कि यह एक परिवार आधारित संगठित तस्करी नेटवर्क हो सकता है।

अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी। मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान के लिए पूछताछ तेज कर दी गई है।

इलाके में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here