Tuesday, July 21, 2026
Home बिहार गांधी मैदान के पास बदलेगी पटना की पहचान! 67 साल पुराने बांकीपुर...

गांधी मैदान के पास बदलेगी पटना की पहचान! 67 साल पुराने बांकीपुर बस स्टैंड की जगह बनेगा 5 स्टार ताज होटल

133

पटना शहर की पहचान माने जाने वाले 67 साल पुराने बांकीपुर बस स्टैंड अब इतिहास बनने जा रहा है। राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल गांधी मैदान के पास स्थित इस बस स्टैंड की जगह अब एक भव्य 5 स्टार ताज होटल बनाया जाएगा।

राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों की योजना के तहत बांकीपुर बस स्टैंड को पूरी तरह हटाकर बसों का संचालन अब कन्हौली (बिहटा) में बन रहे नए पाटलि बस टर्मिनल से किया जाएगा।

यह फैसला पटना शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने और राजधानी को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। गांधी मैदान और अशोक राजपथ के आसपास रोजाना लगने वाले जाम की बड़ी वजहों में बांकीपुर बस स्टैंड भी शामिल था।

बताया जा रहा है कि प्रस्तावित ताज होटल राजधानी पटना के पर्यटन और व्यापारिक विकास को नई पहचान देगा। होटल के निर्माण से गांधी मैदान क्षेत्र का पूरा लुक बदल जाएगा और यह इलाका हाई-एंड कमर्शियल ज़ोन के रूप में विकसित हो सकता है।

दूसरी तरफ बिहटा के कन्हौली में बनने वाला नया पाटलि बस टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां यात्रियों के लिए बेहतर पार्किंग, वेटिंग एरिया, फूड कोर्ट, डिजिटल टिकटिंग और बड़े बस बे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्थानीय लोगों के बीच इस फैसले को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोग इसे पटना के विकास की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं, जबकि कई लोग पुराने बांकीपुर बस स्टैंड से जुड़ी यादों को लेकर भावुक भी नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि बांकीपुर बस स्टैंड कई दशकों से बिहार के अलग-अलग जिलों और पड़ोसी राज्यों के लिए प्रमुख परिवहन केंद्र रहा है। अब इसके हटने के साथ पटना के शहरी ढांचे में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here