Thursday, September 10, 2026
Home खेल दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मैच हुआ ड्रॉ तो कौन सी टीम...

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मैच हुआ ड्रॉ तो कौन सी टीम बनेगी चैंपियन? जानिए BCCI का नियम

5

स्पोर्ट्स डेस्क: दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन और तिलक वर्मा की साउथ जोन के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबला अब ड्रॉ की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे में क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि अगर फाइनल का कोई स्पष्ट नतीजा नहीं निकलता है तो ट्रॉफी किस टीम को मिलेगी?

इस सवाल का जवाब BCCI के घरेलू क्रिकेट नियमों में है। अगर दलीप ट्रॉफी का फाइनल ड्रॉ रहता है तो पहली पारी में बढ़त हासिल करने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाता है। मौजूदा मैच की स्थिति देखें तो इस नियम का सीधा फायदा ईस्ट जोन को मिलता नजर आ रहा है।

पहली पारी में ईस्ट जोन का विशाल स्कोर

ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 334 गेंदों पर 270 रन बनाए। उनकी पारी में 30 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।

ईशान के अलावा कुमार कुशाग्र ने 101 रन, अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन और वैभव सूर्यवंशी ने 44 रन का योगदान दिया।

साउथ जोन 336 रन पर ढेर

ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर समाप्त हो गई। इस तरह ईस्ट जोन ने पहली पारी के आधार पर 372 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।

साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की और 211 गेंदों पर 99 रन बनाए। वह सिर्फ एक रन से अपने शतक से चूक गए।

ड्रॉ हुआ मैच तो ईस्ट जोन बनेगा चैंपियन

BCCI के नियम के मुताबिक अगर फाइनल मुकाबला ड्रॉ रहता है तो पहली पारी की बढ़त निर्णायक होती है। चूंकि ईस्ट जोन ने पहली पारी में साउथ जोन पर 372 रन की बढ़त बनाई है, इसलिए मैच ड्रॉ होने की स्थिति में ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी 2026 की चैंपियन बनेगी।

यानी साउथ जोन के लिए अब सिर्फ मैच को ड्रॉ कराना पर्याप्त नहीं होगा। खिताब जीतने के लिए उसे मुकाबले में सीधी जीत हासिल करनी होगी।

दूसरी पारी में भी ईशान किशन का दम

ईशान किशन का शानदार प्रदर्शन दूसरी पारी में भी जारी रहा। उन्होंने 80 रन बनाए और मैच में अपनी कुल रन संख्या 350 तक पहुंचा दी। उनकी बल्लेबाजी ने ईस्ट जोन को और मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

10 सितंबर को पांचवें दिन लंच तक ईस्ट जोन अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट पर 321 रन बना चुका था और उसकी कुल बढ़त 657 रन हो गई थी। ऐसे में साउथ जोन के सामने मैच जीतना बेहद मुश्किल दिखाई दे रहा था।

14 साल का इंतजार खत्म करने के करीब ईस्ट जोन

ईस्ट जोन लंबे अंतराल के बाद दलीप ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले तक पहुंचा है। पहली पारी की विशाल बढ़त और दूसरी पारी में मजबूत स्थिति के चलते टीम अब ट्रॉफी जीतने की दहलीज पर है।

अगर मैच ड्रॉ रहता है तो पहली पारी की बढ़त के नियम के आधार पर ईस्ट जोन चैंपियन बनेगा, जबकि साउथ जोन को उपविजेता से संतोष करना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here