पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सरकारी कर्मचारियों के बोनस, पेंशन और महंगाई के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार सरकारी कर्मचारियों को अपनी कमाई का साधन और प्रचार का जरिया समझती है। लालू यादव ने अपने सदन में दिए गए भाषण का एक वीडियो क्लिप भी साझा किया।
लालू यादव ने त्योहारों के दौरान कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए लिखा, “जब जेब खाली हो तो त्योहार कितना फीका और नीरस होता है। इस पीड़ा को मैं भोगा हूं।”
लालू यादव ने 70 दिन के बोनस का किया जिक्र
राजद सुप्रीमो ने अपने रेलमंत्री रहने के दौरान रेलवे कर्मचारियों को दिए गए बोनस का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में रेलवे में काम करने वाले लाखों कर्मचारियों को दशहरा, ईद, होली, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर 70 दिन का बोनस दिया गया था।
लालू यादव ने लिखा कि उस समय कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया था कि वे मेहनत करें, जनता की सेवा करें और रेलवे को फायदा पहुंचाएं। रेलवे की कमाई कर्मचारियों के साथ बांटने की बात भी उन्होंने अपनी पोस्ट में कही।
पेंशन और समय पर वेतन नहीं मिलने का लगाया आरोप
लालू यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में सरकारी कर्मचारियों के हितों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने पेंशन, बोनस और समय पर वेतन मिलने के मुद्दे उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने के बजाय उन पर महंगाई और नए टैक्स का बोझ बढ़ाया जा रहा है। लालू यादव ने सरकार को पूंजीवादी बताते हुए आरोप लगाया कि कर्मचारियों की मेहनत का उचित सम्मान नहीं किया जा रहा है।
महंगाई और टैक्स को लेकर भी साधा निशाना
राजद सुप्रीमो ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल टैक्स वसूलना नहीं, बल्कि आम लोगों और सरकारी कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देना भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है, जबकि बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए जा रहे हैं।
लालू यादव के मुताबिक, सरकारी कर्मचारी अपनी क्षमता के अनुसार देश की सेवा करते हैं और सरकार की आमदनी बढ़ाने में योगदान देते हैं। ऐसे में उनकी आर्थिक सहायता करना सरकार का कर्तव्य है।
दशहरा पर दी शुभकामनाएं, महंगाई रूपी रावण के संहार की कामना
अपनी पोस्ट के अंत में लालू यादव ने विजयदशमी और दशहरा के अवसर पर देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने भगवान राम से महंगाई रूपी रावण का संहार करने की प्रार्थना की।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता की जेब पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ और उसकी लूट हर हाल में बंद होनी चाहिए।
लालू यादव की इस पोस्ट को सरकारी कर्मचारियों के आर्थिक हितों, बोनस, पेंशन और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ राजद के राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।







