Thursday, September 10, 2026
Home जुर्म मोतिहारी में भैंस नहलाने के पानी को लेकर खूनी विवाद, चाकूबाजी में...

मोतिहारी में भैंस नहलाने के पानी को लेकर खूनी विवाद, चाकूबाजी में महिला समेत दो की मौत; एक गंभीर

6

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में भैंस नहलाने के दौरान गिरे पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में हुई चाकूबाजी की घटना में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान मदीना खातून (40) और जमी अख्तर (36) के रूप में हुई है। वहीं, घायल की पहचान मसीह अख्तर के रूप में हुई है। उनका इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है।

भैंस नहलाने के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना के संबंध में मृतक की भाभी नगमा खातून ने बताया कि उनका परिवार अपनी जमीन पर नहीं, बल्कि डाकबाबू की जमीन पर बसा हुआ है। बुधवार सुबह मसीह अख्तर सड़क पर भैंस को नहला रहे थे। इस दौरान भैंस का पानी अनिल सिंह की ओर जाने लगा।

इसी बात को लेकर अनिल सिंह वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पाइप लगाने का सुझाव दिया, ताकि पानी को लेकर विवाद खत्म हो सके।

इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए।

शाम होते-होते विवाद ने लिया खूनी रूप

नगमा खातून के मुताबिक, शाम के समय जब वह घास लेकर वापस लौटीं तो अनिल सिंह कई लोगों के साथ खड़े थे। पूछने पर अनिल सिंह ने कथित तौर पर कहा कि मसीह अख्तर ने उनका गला पकड़कर पटक दिया था।

नगमा ने बताया कि उन्होंने कहा कि पहले अनिल सिंह ही मसीह अख्तर से उलझे थे। इसके बाद वह घास लेकर घर की ओर चली गईं। कुछ ही देर बाद शोर सुनाई दिया कि चाकू मार दिया गया है।

हल्ला सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो मसीह अख्तर समेत तीन लोग खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद सभी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।

दो लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जमी अख्तर (36) और मदीना खातून (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मसीह अख्तर का इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक, जमी अख्तर परिवार का अकेला कमाने वाला था। वह मजदूरी करने के साथ प्लाई फैक्ट्री में भी काम करता था और अपने तीन बच्चों की पढ़ाई-लिखाई समेत परिवार का खर्च चलाता था।

जमी अख्तर की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पत्नी और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पांच बच्चों की मां थी मदीना खातून

वहीं, मृतका मदीना खातून के पांच बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, उनके पति प्लाई फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि मदीना घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करती थीं।

मदीना की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर परिवार के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

दो लोग हिरासत में, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। पकड़ीदयाल के प्रभारी डीएसपी अभिषेक कुमार ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाद की शुरुआत पानी को लेकर हुई थी, लेकिन कुछ ही घंटों में मामला चाकूबाजी और दो लोगों की मौत तक पहुंच गया। पुलिस की जांच के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here