पटना: बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना क्षेत्र में महज 400 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। बाघाटिला गांव में एक दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान टूना मांझी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पैसों के विवाद में उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें गंभीर चोट लगने के बाद उनकी जान चली गई।
छोटे भाई से विवाद के बाद बढ़ा मामला
परिजनों के मुताबिक, टूना मांझी के छोटे भाई बाघाटिला गांव की ओर गए थे। वहां 400 रुपये के लेनदेन को लेकर उनका एक व्यक्ति से विवाद हो गया। आरोप है कि रुपये वापस करने को लेकर कहासुनी के बाद उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनके सिर में चोट लगने की बात कही जा रही है।
परिजनों का कहना है कि छोटे भाई की पत्नी और उनकी दोनों बेटियां जब बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई।
भाई को बचाने पहुंचे थे टूना मांझी
छोटे भाई के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद टूना मांझी भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां उनके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान उन्हें गंभीर चोटें लगीं और बाद में उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बेलछी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
बेलछी थानाध्यक्ष के अनुसार, शुरुआती जानकारी में मामला पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट से जुड़ा है। हालांकि, टूना मांझी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। जांच टीम घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
वहीं, मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।







