कटिहार: बिहार के कटिहार में एक युवक को लेकर दो महिलाओं के बीच ऐसा विवाद हुआ कि सड़क पर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मामला के. नगर थाना क्षेत्र के रोजितपुर मोहल्ले का है, जहां एक युवक की पहली पत्नी और दूसरी महिला आमने-सामने आ गईं। दोनों महिलाएं युवक को अपना पति बताते हुए उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करती रहीं। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर निवासी विक्की रविदास की शादी करीब डेढ़ साल पहले प्रियंका से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी से पहले से ही विक्की का मुन्नी नाम की महिला से संपर्क था। मुन्नी पहले से शादीशुदा है और उसके कई बच्चे हैं।
बताया गया कि शादी के बाद भी विक्की और मुन्नी के बीच मुलाकात का सिलसिला जारी रहा। इसी दौरान विक्की ने रोजितपुर मोहल्ले में एक कमरा किराये पर लिया था। मुन्नी का दावा है कि इसी कमरे में दोनों ने शादी की थी और इस दौरान सिंदूर लगाए जाने का वीडियो भी उसके पास मौजूद है।
इधर, पति की गतिविधियों पर शक होने के बाद प्रियंका ने उसका पीछा किया। वह रोजितपुर स्थित किराये के कमरे तक पहुंच गई, जहां कथित तौर पर उसने विक्की को मुन्नी के साथ देख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों महिलाएं एक-दूसरे के सामने अपने रिश्ते का दावा करने लगीं।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, प्रियंका कई बार पति को अपने साथ ले जाने की कोशिश करती नजर आई। वहीं मुन्नी भी विक्की को अपने साथ ले जाने पर अड़ी रही। विक्की दोनों को समझाने की कोशिश करता रहा और दोनों के साथ रहने की बात कहता नजर आया।
मुन्नी का कहना है कि विक्की करीब पांच वर्षों से उसके संपर्क में था। उसके मुताबिक, शुरुआत में उसने शादी के लिए मना किया था, लेकिन विक्की उसे और उसके बच्चों को साथ रखने की बात करता रहा। बाद में दोनों ने किराये के कमरे में शादी करने का दावा किया।
वहीं विक्की ने अपनी पहली शादी प्रियंका से होने की बात स्वीकार करते हुए मुन्नी के साथ भी शादी करने का दावा किया। उसने कहा कि वह दोनों महिलाओं को साथ रखना चाहता है।
काफी देर तक चले विवाद के बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर तीनों को समझाया और मामला शांत कराया। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।







