भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और लोकप्रिय गायक पवन सिंह ने बुधवार (1 जुलाई) को बिहार विधान परिषद (MLC) के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पटना स्थित बिहार विधान परिषद के उपसभागार में आयोजित समारोह में उन्हें अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर बिहार की राजनीति के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पवन सिंह उन 10 उम्मीदवारों में शामिल हैं, जो हाल ही में बिहार विधान परिषद की रिक्त सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन्हें एमएलसी चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था। शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने औपचारिक रूप से बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया।
पहली बार पहुंचे विधान परिषद
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में “पावरस्टार” के नाम से मशहूर पवन सिंह अब राजनीति में भी नई जिम्मेदारी निभाएंगे। फिल्म और संगीत की दुनिया में लंबे समय तक लोकप्रिय रहने के बाद उनका विधान परिषद तक पहुंचना राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। भाजपा ने युवाओं और भोजपुरी भाषी क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
इन नेताओं ने भी ली शपथ
पवन सिंह के साथ बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, संजय मयूख, अनिल ठाकुर, शीला पंडित, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति, ललन प्रसाद, अशरफ अंसारी और सुनील सिंह ने भी एमएलसी पद की शपथ ली। सभी सदस्य हाल ही में निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
राजनीतिक सफर की नई शुरुआत
शपथ ग्रहण के बाद पवन सिंह ने कहा कि जनता और पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। अब उनकी जिम्मेदारी सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वे विधान परिषद में बिहार के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को भी उठाएंगे।







