नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव की है। आरोप है कि दरवाजा खोलने में हुई देरी से नाराज पति ने अपनी पत्नी के सिर में गोली मार दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय कांति देवी के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव निवासी लड्डू मांझी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लड्डू मांझी ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाने का काम करता है और करीब दो महीने बाद कमाई कर दरभंगा से अपने घर लौटा था।
नशे की हालत में घर पहुंचा था पति
परिजनों के अनुसार, लड्डू मांझी गुरुवार रात नशे की हालत में घर पहुंचा था। उस समय किसी कारण से घर का दरवाजा खोलने में कुछ देर हो गई। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद लड्डू मांझी ने अपनी पत्नी कांति देवी के सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
मोटरसाइकिल खरीदने को लेकर भी था विवाद
आरोपी की मां के मुताबिक, लड्डू मांझी मोटरसाइकिल खरीदना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी इसका विरोध करती थी। इस मुद्दे को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि घटना वाली रात दरवाजा खोलने में हुई देरी के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई।
हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना के पूरे क्रम की पुलिस जांच कर रही है।
हथियार के साथ आरोपी पति गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कल्याण बिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष निशा भारती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और आरोपी लड्डू मांझी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में भी तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।







