Tuesday, September 8, 2026
Home बिहार CM सम्राट चौधरी ने वैशाली-सारण में बाढ़ का लिया जायजा, बोले- 2-3...

CM सम्राट चौधरी ने वैशाली-सारण में बाढ़ का लिया जायजा, बोले- 2-3 दिन में हालात में होगा सुधार

31

हाजीपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली और सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री सबसे पहले हाजीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जढ़ुआ में संचालित राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राहत शिविर और सामुदायिक किचन का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चलाए जा रहे सामुदायिक किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भोजन की व्यवस्था और बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा राहत शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत की।

मृतकों के आश्रितों को बांटे 4-4 लाख रुपये के चेक

बाढ़ के दौरान डूबने से जान गंवाने वाले करीब आधा दर्जन लोगों के आश्रितों को मुख्यमंत्री ने सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। प्रत्येक मृतक के आश्रित को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक दिया गया।मुख्यमंत्री ने इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का भी वितरण किया।

बोले- लगातार घट रहा है गंगा का पानी

निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आपदा की स्थिति में थोड़ी परेशानी स्वाभाविक है, लेकिन राहत की बात है कि गंगा का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा का पानी करीब 17 से 18 सेंटीमीटर नीचे गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

2-3 दिन में हालात सुधरने की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। आपदा के समय कुछ परेशानियां होती हैं, लेकिन पानी लगातार घट रहा है और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन दिनों में बाढ़ की स्थिति में और सुधार होगा तथा लोगों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अधिकारियों ने उन्हें प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों, जलस्तर और लोगों को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं की जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here