Saturday, July 4, 2026
Home समाचार पटना कोतवाली थाने में 30 साल पुरानी जुम्मे की नमाज की परंपरा...

पटना कोतवाली थाने में 30 साल पुरानी जुम्मे की नमाज की परंपरा खत्म, सहयोग पोर्टल की शिकायत के बाद प्रशासन का फैसला

24

बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक कोतवाली थाना परिसर में करीब 30 वर्षों से चली आ रही जुम्मे की नमाज की परंपरा अब समाप्त कर दी गई है। बिहार सरकार के ‘सहयोग’ पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की समीक्षा की और स्थानीय जामा मस्जिद प्रबंधन व समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया।

शिकायत में कहा गया था कि जुम्मे की नमाज के दौरान थाना परिसर में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से पुलिस के नियमित प्रशासनिक कार्य और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मस्जिद के इमाम और मस्जिद कमेटी के साथ बैठक की, जिसमें आपसी सहमति से तय हुआ कि आगे से थाना परिसर के भीतर जुम्मे की नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। इस फैसले की पुष्टि थाना प्रभारी और मस्जिद प्रबंधन दोनों ने की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जामा मस्जिद में जुम्मे के दिन बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचते थे। जब मस्जिद के अंदर जगह कम पड़ जाती थी, तब अतिरिक्त लोग पास स्थित कोतवाली थाना परिसर में नमाज अदा करते थे। यह व्यवस्था वर्षों से चली आ रही थी, लेकिन अब प्रशासनिक और सुरक्षा कारणों को देखते हुए इसे समाप्त कर दिया गया है।

मस्जिद प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि प्रशासन के निर्णय का सम्मान किया जाएगा और नमाजियों के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की गई है, ताकि धार्मिक गतिविधियां बिना किसी व्यवधान के जारी रह सकें। प्रशासन ने भी कहा कि यह निर्णय कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और सरकारी कार्यों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखकर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here