सीएम शुभेंदु अधिकारी के सख्त रुख और कार्रवाई से बदला माहौल
कोलकाता: अंशुमान
पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों “बुल्डोजर कार्रवाई” और सख्त प्रशासनिक फैसलों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राज्य में बदलते राजनीतिक माहौल और प्रशासनिक सख्ती के बीच आम जनता तथा राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच नई बहस छिड़ गई है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, अतिक्रमण और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई को लेकर सरकार का रुख पहले से अधिक कठोर दिखाई दे रहा है।
कई क्षेत्रों में नगर निगम और प्रशासन द्वारा अवैध निर्माणों एवं बिना नक्शा पास कराए किए गए एक्सटेंशन कार्यों पर कार्रवाई शुरू की गई है। प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।
“बदल रहा है बंगाल का माहौल”
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय में राजनीतिक माहौल तेजी से बदला है। हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के नारों के बीच भाजपा समर्थकों में उत्साह बढ़ा है, जबकि टीएमसी समर्थकों के बीच चिंता और बेचैनी देखी जा रही है।
नॉर्थ परगना निवासी माविक चंद सिंह ने कहा कि अब जनता कानून व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले कई क्षेत्रों में आम लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और प्रशासनिक पकड़ मजबूत हो रही है।
अतिक्रमण और सार्वजनिक व्यवस्था पर सख्ती
प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण और ट्रैफिक बाधित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कई इलाकों में सड़क किनारे अवैध निर्माण हटाने और शहर को व्यवस्थित करने के लिए बुल्डोजर कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर नियमों के पालन, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर भी नई गाइडलाइन जारी की गई हैं।
जनता के बीच बढ़ रही राजनीतिक चर्चा
राज्य में हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। एक ओर भाजपा समर्थक इसे “कानून का राज” और “सख्त प्रशासन” बता रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे राजनीतिक रणनीति के रूप में देख रहा है।
हालांकि, आम जनता के बीच यह चर्चा जरूर है कि आने वाले दिनों में बंगाल की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।







