Sunday, July 5, 2026
Home बिहार जनता वाहवाह, अपराधी तबाह — सीएम सम्राट चौधरी के संकल्प से बढ़ी...

जनता वाहवाह, अपराधी तबाह — सीएम सम्राट चौधरी के संकल्प से बढ़ी “योगी मॉडल” जैसी सख्ती की उम्मीद

73

पटना:
“न धुआँ, न धमाका… फिर भी दहशत!” बिहार की राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर इन दिनों ऐसा ही माहौल देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सख्त तेवर और अपराधियों के खिलाफ दिए गए स्पष्ट संदेश के बाद जहां आम जनता सरकार की तारीफ करती नजर आ रही है, वहीं अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री के हालिया बयान — “अगर अपराधी नहीं सुधरे, तो गोली के बदले गोली भी खानी पड़ेगी” — ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। आम लोगों के बीच यह संदेश तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और कई लोग इसे उत्तर प्रदेश के “योगी मॉडल” जैसी सख्ती से जोड़कर देख रहे हैं।

राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा है कि बिहार की जनता लंबे समय से मजबूत कानून-व्यवस्था और अपराध पर कठोर कार्रवाई चाहती थी। ऐसे में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सख्त रुख ने लोगों के बीच भरोसा जगाया है कि राज्य में अपराध और अराजकता पर लगाम लगाई जा सकती है।

“जनता का भरोसा ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी”

एमएलसी सूर्य कुमार उर्फ अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि बिहार की जनता कानून-व्यवस्था में सुधार चाहती है और सरकार उसी दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में प्रशासनिक सुधार और जनहित के फैसलों को तेजी से लागू किया जा रहा है। सचिवालय कर्मचारियों के लिए शुरू की गई बस सुविधा को उन्होंने सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं की सराहना

एमएलसी शर्मा ने कहा कि महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार लगातार योजनाएं लागू कर रही है। “पिंक बस सेवा” जैसी पहल महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को मिले समर्थन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता विकास, सुरक्षा और मजबूत नेतृत्व चाहती है।

“बिहार में अमन कायम होकर रहेगा”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सख्त कार्यशैली आने वाले समय में बिहार की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकती है।

एमएलसी सूर्य कुमार उर्फ अरविंद शर्मा ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज मजबूत होगा और राज्य में शांति एवं अमन कायम रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here