Monday, July 6, 2026
Home बिहार बेनीपट्टी में आंधी-बारिश का कहर, आम की फसल को भारी नुकसान, कई...

बेनीपट्टी में आंधी-बारिश का कहर, आम की फसल को भारी नुकसान, कई गांवों में बिजली व्यवस्था ठप

81

बेनीपट्टी अनुमंडल के विभिन्न पंचायतों में लगातार बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तेज आंधी और बारिश के कारण कई गांवों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर टीन शेड उड़ गए, जबकि जलजमाव की स्थिति से ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पाली पंचायत के विभिन्न इलाकों में हुई भारी वर्षा के कारण सड़कों और घरों के आसपास पानी जमा हो गया। स्थानीय निवासी गणेश मिश्र ने बताया कि इस तूफानी मौसम का सबसे ज्यादा असर आम की फसल पर पड़ा है। तेज हवा और बारिश से बड़ी संख्या में आम पेड़ों से टूटकर गिर गए, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों कलानाथ झा, बृजकिशोर झा, पंडित घनानंद झा और विजयकांत झा ने बताया कि खराब मौसम के कारण विद्युत व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। कई जगहों पर बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद विभाग की ओर से मरम्मत कार्य किया गया।

बेनीपट्टी अनुमंडल के कई पंचायतों में विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। अनुमंडल के व्यवसायी अमरनाथ झा ने बताया कि जगत गांव दो दिनों तक अंधेरे में डूबा रहा। बाद में विभागीय प्रयास के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत और क्षतिपूर्ति की मांग करते हुए कहा है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और आम लोगों को जल्द सहायता दी जाए।

— मनोज मधु की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here